पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी नैतिक जिम्मेदारीः प्रो0 तुहिना वर्मा।
प्राथमिक विद्यालय में विश्व पर्यावरण संरक्षण एवं जागरुकता पर संगोष्ठी।
अयोध्या। डॉ0 राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की स्वर्ण जयंती स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में महिला अध्ययन केंद्र तथा महिला शिकायत एवं कल्याण प्रकोष्ठ द्वारा माधोपुर मसौदा प्राथमिक विद्यालय, पूरा कलंदर में ‘विश्व पर्यावरण संरक्षण एवं जागरुकता‘ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अविवि के पर्यावरण विज्ञान के प्रो0 सिद्धार्थ शुक्ला रहे। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी पर जीवन की मौजूदगी पर्यावरण के संतुलन से ही है। पर्यावरण संतुलन बिगड़ने से पृथ्वी पर जीवन खतरे में पड़ जायेगा। प्रो0 सिद्धार्थ ने पर्यावरण के अन्य घटकों पर चर्चा करते हुए कहा कि अभी पृथ्वी ग्रह पर ही जीवन की मौजुदगी है। इसलिए जरूरी हो जाता है कि मानव जाति कोई ऐसा कार्य न करे जिससे जीवन खतरे में पड़ जाए। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि घर के अंदर भी रूम प्लांट लगाये। इससे पर्यावरण संरिक्षत करने की सीख मिलेगी। मानव जाति के कल्याण के पेड़ पौधे, ताल, नदियां, दरिया, पहाड़, साफ हवा, ग्लेशियर को बचाने के उपायों पर कार्य करना होगा। इसके लिए सभी संगठन को आगे आना चाहिए। तभी पर्यावरण संरक्षण की बात जन जन तक पहुंचेगी।
महिला अध्ययन केंद्र तथा महिला शिकायत एवं कल्याण प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो0 तुहीना वर्मा ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पर्यावरण को संरक्षित करने की सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके लिए अभिभावकों व शिक्षण संस्थानों को कार्य करना होगा। तभी जीवन की कल्पना कर सकते है। कार्यक्रम का संचालन व्यावहारिक मनोविज्ञान की डाॅ0 प्रतिभा त्रिपाठी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डाॅ0 स्नेहा पटेल द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राथमिक विद्यालय की प्राचार्य एवं शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्रकोष्ठ की सदस्य डाॅ0 निहारिका सिंह, स्नेहा, श्रेया वर्मा, स्वीटी सहित प्राथमिक विद्यालय के बच्चे मौजूद रहे।
